छठ-दिवाली पर रेलवे की सौगात, रांची-धनबाद होकर चलेगी राउरकेला-झंझारपुर ट्रेन
- By rakesh --
- 03 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची: दिवाली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने राउरकेला-झंझारपुर-राउरकेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 08105/08106 के परिचालन से झारखंड होकर बिहार जाने वाले यात्रियों को त्योहार के दौरान आवागमन में सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन रांची, हटिया, मूरी, बोकारो स्टील सिटी और धनबाद समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन के तीन-तीन फेरे निर्धारित किए गए हैं।
5 नवंबर से प्रत्येक गुरुवार को राउरकेला से चलेगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 08105 राउरकेला-झंझारपुर स्पेशल 5 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को राउरकेला से रवाना होगी। ट्रेन शाम 7 बजे राउरकेला से प्रस्थान करेगी। बानो स्टेशन पर रात 8:48 बजे पहुंचेगी और 8:50 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
हटिया स्टेशन पर रात 10:15 बजे आगमन और 10:20 बजे प्रस्थान होगा। रांची में रात 10:35 बजे पहुंचकर 10:45 बजे रवाना होगी। मूरी स्टेशन पर रात 11:56 बजे आगमन होगा और अगले दिन रात 12:01 बजे ट्रेन आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
बोकारो और धनबाद समेत कई स्टेशनों पर ठहराव
झारखंड के यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन को कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। बोकारो स्टील सिटी में रात 1 बजे आगमन और 1:05 बजे प्रस्थान होगा। धनबाद स्टेशन पर सुबह 3:40 बजे पहुंचकर 3:50 बजे रवाना होगी। चित्तरंजन में सुबह 5:12 बजे आगमन और 5:14 बजे प्रस्थान होगा। इसके बाद जसीडीह स्टेशन पर सुबह 6:40 बजे पहुंचेगी और 6:45 बजे आगे बढ़ेगी।
बरौनी स्टेशन पर सुबह 10:45 बजे आगमन और 10:55 बजे प्रस्थान होगा। समस्तीपुर में दोपहर 12:20 बजे पहुंचकर 12:25 बजे रवाना होगी। दरभंगा में दोपहर 1:20 बजे आगमन और 1:25 बजे प्रस्थान के बाद ट्रेन शुक्रवार शाम 5 बजे झंझारपुर पहुंचेगी।
6 नवंबर से झंझारपुर से होगी वापसी
वापसी में ट्रेन संख्या 08106 झंझारपुर-राउरकेला स्पेशल 6 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को झंझारपुर से रात 9 बजे रवाना होगी। दरभंगा स्टेशन पर रात 11:50 बजे आगमन और 11:55 बजे प्रस्थान होगा। समस्तीपुर में अगले दिन रात 12:50 बजे पहुंचकर 1 बजे रवाना होगी। बरौनी में सुबह 2:50 बजे आगमन और 3 बजे प्रस्थान निर्धारित है।
जसीडीह में सुबह 6:08 बजे पहुंचकर 6:13 बजे रवाना होगी। चित्तरंजन में सुबह 7:14 बजे आगमन और 7:16 बजे प्रस्थान होगा। धनबाद में सुबह 10:15 बजे पहुंचकर 10:20 बजे रवाना होगी। बोकारो स्टील सिटी में सुबह 11:55 बजे आगमन और दोपहर 12 बजे प्रस्थान होगा।
रांची और हटिया होकर राउरकेला पहुंचेगी ट्रेन
वापसी यात्रा में ट्रेन मूरी स्टेशन पर दोपहर 1:03 बजे पहुंचेगी और 1:05 बजे रवाना होगी। रांची में दोपहर 2:20 बजे आगमन और 2:30 बजे प्रस्थान होगा। हटिया स्टेशन पर दोपहर 2:45 बजे पहुंचकर 2:50 बजे रवाना होगी। बानो स्टेशन पर शाम 4:18 बजे आगमन और 4:20 बजे प्रस्थान के बाद ट्रेन शनिवार शाम 7 बजे राउरकेला पहुंचेगी।
17 कोच के साथ होगा परिचालन
रेलवे के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो, द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 11, सामान्य श्रेणी के दो और एसएलआरडी के दो कोच शामिल होंगे। त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस विशेष सेवा की व्यवस्था की गई है। इससे झारखंड और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 718 अंक उछला; SEBI ने LTCG टैक्स पर दिए दो प्रस्ताव