रांची के छठ घाटों पर जगह घेरने वालों की खैर नहीं, नाम-मोबाइल नंबर लिखने पर होगी कार्रवाई
- By rakesh --
- 01 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची: छठ महापर्व के दौरान घाटों पर अर्घ्य देने के लिए जगह घेरने और अवैध बुकिंग करने वालों के खिलाफ रांची नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा। अब कोई भी व्यक्ति घाट पर अपना नाम या मोबाइल नंबर लिखकर अथवा किसी अन्य तरीके से किसी स्थान पर एकाधिकार स्थापित नहीं कर सकेगा। ऐसा करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रांची नगर निगम ने छठ घाटों पर अवैध कब्जे और मनमानी रोकने के लिए यह सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को शहर के चार प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि घाटों पर किसी भी तरह की अवैध बुकिंग या जगह घेरने की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चार प्रमुख छठ घाटों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अरगोड़ा तालाब, बटन तालाब (डोरंडा), स्वर्णरेखा नदी घाट (नामकुम) और तिरिल तालाब (कोकर) का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों पर सफाई, सुरक्षा, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।
घाटों पर अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती कर विशेष सफाई अभियान चलाने को भी कहा गया। नगर निगम ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी घाट पर अवैध बुकिंग या स्थान घेरने की गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी सूचना निगम के टोल फ्री नंबर 18005701235 पर दें।
अरगोड़ा तालाब की बाउंड्री की होगी मरम्मत
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अलग-अलग घाटों की स्थिति के अनुसार अधिकारियों को निर्देश दिए। अरगोड़ा तालाब की क्षतिग्रस्त बाउंड्री की मरम्मत, आवश्यक घेराबंदी और पेंटिंग कराने को कहा गया। साथ ही दो दिनों के भीतर पूरे परिसर की सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
तालाब के पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार फिटकरी, ई-बॉल और ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल करने को कहा गया। इसके अलावा नालियों का गंदा पानी तालाब में जाने से रोकने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
स्वर्णरेखा घाट की सफाई में लगेंगी दो पोकलेन मशीनें
बटन तालाब में सिविल वर्क और पेंटिंग के साथ अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया। वहीं, स्वर्णरेखा नदी घाट की सफाई के लिए तत्काल दो पोकलेन मशीनें लगाने का निर्देश दिया गया है। इनके जरिए नदी से गाद हटाई जाएगी और जल का प्राकृतिक प्रवाह बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने घाट तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई और वहां उगी घास की कटाई कराने को भी कहा। तिरिल तालाब के संपर्क पथों को स्टोन डस्ट से समतल करने और बाकी बचे निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में परेशानी न हो।
छठ घाटों और संपर्क रास्तों पर चलेगा डॉग रेस्क्यू अभियान
छठ महापर्व तक प्रमुख घाटों और उनके संपर्क रास्तों पर विशेष डॉग रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य आवारा कुत्तों के कारण श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी से बचाना है।
नगर आयुक्त ने छठ पूजा समितियों से भी विशेष सफाई अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ घाटों की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए पूजा समितियों और आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।
पर्व के बाद भी तालाबों की स्वच्छता पर रहेगा जोर
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व समाप्त होने के बाद भी तालाबों की स्वच्छता, सुंदरता और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए नियमित व्यवस्था विकसित की जाए। उन्होंने घाटों पर की जा रही तैयारियों को समय पर पूरा करने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक, वार्ड पार्षद और नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: अब बच्चों की डिग्री लेते देख सकेंगे माता-पिता! SKMU में दीक्षांत समारोह को लेकर बड़ा सुझाव