Ranchi Traffic Alert: झारखंड आदिवासी महोत्सव को लेकर ट्रैफिक में बड़ा बदलाव, इन रास्तों पर वाहनों की एंट्री बंद
- By rakesh --
- 09 Aug 2026 --
- comments are disable
Ranchi Traffic Alert: झारखंड आदिवासी महोत्सव के आयोजन को देखते हुए राजधानी रांची में रविवार को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। सुरक्षा और कार्यक्रम में आने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित करने के साथ वैकल्पिक रूट और पार्किंग की व्यवस्था की है। घर से निकलने वाले लोगों के लिए जरूरी है कि वे पहले से निर्धारित रूट और पार्किंग की जानकारी ले लें, ताकि उन्हें रास्ते में परेशानी का सामना न करना पड़े।
जेल चौक से बापू वाटिका तक वाहनों की आवाजाही बंद
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की ओर से जारी आदेश के मुताबिक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास और एसएसपी आवास से बापू वाटिका तक वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आयोजन के दौरान भीड़ की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी यातायात को डायवर्ट किया जा सकता है या कुछ समय के लिए रास्ते बंद किए जा सकते हैं।
इन इलाकों से आने वालों के लिए यहां होगी पार्किंग
बोड़या रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए टीआरआई मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, रिम्स और बरियातू की तरफ से आने वाले वाहनों को डीआईजी मैदान में पार्क कराया जाएगा। इसका उद्देश्य मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करना है।
अलग-अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए रूट तय
खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कांके रिंग रोड, चांदनी चौक और राम मंदिर मार्ग का इस्तेमाल करते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है। वहीं धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की दिशा से आने वाले वाहनों को न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एसएसपी आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक, एटीआई मोड़ और सिदो-कान्हू पार्क होते हुए रांची यूनिवर्सिटी मैदान स्थित मोरहाबादी पार्किंग स्थल में पार्क कराया जाएगा।
लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि झारखंड आदिवासी महोत्सव में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगी। लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित रूट का ही इस्तेमाल करें और अपने वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने से आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।