उत्तराखंड में घर बसाना चाहते हैं ऋषभ पंत, CM धामी से मांगी जमीन

Rishabh Pant: उत्तराखंड में घर बसाना चाहते हैं ऋषभ पंत, CM धामी से मांगी जमीन; मिला मदद का भरोसा

देहरादून: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अब दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होने की तैयारी में हैं। अपने गृह राज्य में घर बनाने के लिए पंत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जमीन उपलब्ध कराने में मदद की अपील की है। पंत की इस अपील के बाद मुख्यमंत्री ने भी उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। ऋषभ पंत ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री धामी को टैग करते हुए अपनी इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से उत्तराखंड में जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक जमीन नहीं मिल पाई है।

उत्तराखंड में घर बनाना चाहते हैं पंत

ऋषभ पंत ने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि वह दिल्ली छोड़कर अपने पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में रहना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें ऐसी जमीन की जरूरत है, जहां वह अपना घर बना सकें और अपने राज्य के लोगों के बीच रह सकें। पंत ने अपने पोस्ट में उत्तराखंड के प्रति अपने लगाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जमीन हासिल करने की कोशिश वह काफी समय से कर रहे हैं और इस प्रक्रिया को करीब तीन साल हो चुके हैं।

सरकार से जमीन खरीदने की भी जताई इच्छा

पंत ने अपनी दूसरी पोस्ट में कहा कि देश के लिए उच्च स्तर पर खेलने और अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के बाद अगर उन्हें उत्तराखंड में जमीन उपहार के तौर पर मिले तो यह उनके लिए खास बात होगी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि सरकार की ओर से जमीन उपहार में देना संभव नहीं है तो वह नियमानुसार उसे खरीदने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य अपने गृह राज्य में अपना घर बनाना है।

CM धामी ने दिया मदद का भरोसा

ऋषभ पंत की अपील पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें राज्य का गौरव बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंत ने अपने प्रदर्शन और उपलब्धियों के जरिए देश-दुनिया में उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। धामी ने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति पंत का लगाव और उत्तराखंड लौटकर योगदान देने की इच्छा सराहनीय है। उन्होंने बताया कि पंत की ओर से उठाए गए मुद्दे को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि संबंधित अधिकारी जल्द ही ऋषभ पंत से संपर्क करेंगे और नियमानुसार उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

श्रीलंका दौरे पर हैं ऋषभ पंत

ऋषभ पंत इस समय भारतीय क्रिकेट टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर हैं, जहां टीम टेस्ट सीरीज में हिस्सा ले रही है। मैदान पर भी पंत के पास एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका है। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं और आगामी मुकाबलों में उनके प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रशंसकों की नजर रहेगी। वहीं, मैदान के बाहर उत्तराखंड में घर बसाने की उनकी इच्छा ने भी अब चर्चा बटोर ली है। ऋषभ पंत का उत्तराखंड से जुड़ाव पहले भी सामने आता रहा है। अब अपने गृह राज्य में स्थायी रूप से बसने की इच्छा जाहिर करने के बाद मुख्यमंत्री धामी के जवाब से इस दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: Yash Toxic Trailer: यश की ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर आज होगा रिलीज, मेकर्स ने बताया समय