रांची एयरपोर्ट पर यात्री की तबीयत बिगड़ी, विमान में दी गई ऑक्सीजन !

रांची एयरपोर्ट पर यात्री की तबीयत बिगड़ी, विमान में दी गई ऑक्सीजन; 4 घंटे 16 मिनट देर से उड़ी बेंगलुरु फ्लाइट

रांची : बेंगलुरु से रांची आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में रविवार सुबह एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री को सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद विमान के चालक दल ने तत्काल विमान में उपलब्ध ऑक्सीजन देकर उसे राहत पहुंचाई। यात्री की स्थिति स्थिर रहने पर विमान ने अपनी यात्रा जारी रखी और सुबह 8.55 बजे रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड किया।

उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद बिगड़ी तबीयत

एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1239 ने बेंगलुरु से सुबह 6.35 बजे रांची के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक यात्री को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति को देखते हुए पायलट और केबिन क्रू ने विमान में मौजूद ऑक्सीजन की मदद से यात्री की स्थिति संभाली। इसके बाद यात्री की हालत स्थिर रही।

रांची एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद यात्री के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के बाद स्थिति सामान्य और स्थिर पाए जाने पर यात्री को घर जाने दिया गया।

ऑक्सीजन की व्यवस्था में लगी देर, 4 घंटे 16 मिनट लेट हुई फ्लाइट

यात्री को ऑक्सीजन दिए जाने के बाद विमान में पर्याप्त ऑक्सीजन बोतलों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी हो गया। रांची से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1244 को सुबह 9.35 बजे रवाना होना था। हालांकि, ऑक्सीजन बोतलों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण विमान समय पर उड़ान नहीं भर सका।

दूसरे विमान से मंगाई गई ऑक्सीजन बोतलें

विमानन कंपनी ने दिल्ली से आने वाली उड़ान के जरिए ऑक्सीजन बोतलें मंगाईं। आवश्यक व्यवस्था पूरी होने के बाद रांची से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान ने दोपहर 1.51 बजे उड़ान भरी। इस तरह विमान निर्धारित समय से 4 घंटे 16 मिनट की देरी से रवाना हुआ।

यात्रियों को करना पड़ा कई घंटे इंतजार

फ्लाइट में देरी के कारण बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को रांची एयरपोर्ट पर कई घंटे इंतजार करना पड़ा। जिन यात्रियों को बेंगलुरु से आगे की यात्रा के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी थी, उनकी परेशानी और बढ़ गई। उड़ान में देरी के कारण उनकी आगे की यात्रा प्रभावित होने की आशंका बनी रही।