मुजफ्फरपुर में मां पर मासूम बेटे को जहर देने का आरोप, बच्चे की मौत

मुजफ्फरपुर में मां पर मासूम बेटे को जहर देने का आरोप, ढाई साल के बच्चे की मौत; महिला अस्पताल में भर्ती

मुजफ्फरपुर: जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के टेंगरांहा उत्तरी टोला में एक ढाई साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चे की मां ने बिस्कुट में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे खिला दिया। इसके बाद महिला ने भी जहरीला पदार्थ खाने की कोशिश की। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया है।

मृतक बच्चे की पहचान टेंगरांहा उत्तरी टोला निवासी अखिलेश राम के ढाई वर्षीय बेटे आर्यन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिस्कुट में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिलाने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्चे का पिता पंजाब में मजदूरी करने गया हुआ था। महिला अपने ससुराल में थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले वह मायके गई थी और करीब 15 दिन बाद वापस लौटी थी।

परिजनों के अनुसार, महिला और उसके पति के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी बीच महिला पर मायके में किसी व्यक्ति से प्रेम प्रसंग होने की बात भी बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस जांच में इन आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।

बताया गया है कि घटना के समय बच्चे के दादा-दादी मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान महिला ने कथित तौर पर बिस्कुट में जहरीला पदार्थ मिलाकर बच्चे को खिला दिया।

तबीयत बिगड़ने के बाद बच्चे की मौत

जहरीला पदार्थ खाने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। वह रोने लगा। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद रामपुर हरि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में बच्चे के शरीर से जहरीले पदार्थ जैसी दुर्गंध आने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम को बुलाया। टीम ने मौके से विभिन्न साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस महिला से पूछताछ भी कर रही है। महिला को पुलिस हिरासत में एसकेएमसीएच में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उसकी निगरानी की जा रही है।

पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट का इंतजार

रामपुर हरि थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चे की मौत जहरीला पदार्थ खाने से होने की आशंका है। आरोपी महिला को पुलिस हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

थानाध्यक्ष के अनुसार, पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट मिलने के बाद बच्चे की मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा। परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और महिला के लगाए गए आरोपों तथा घटना की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद पर JMM का बीजेपी पर हमला, मिथिलेश ठाकुर बोले- छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति