भागलपुर में गंगा में पलटी मजदूरों से भरी नाव

भागलपुर में गंगा में पलटी मजदूरों से भरी नाव, दो अब भी लापता; प्रशासन ने दिए कार्रवाई के निर्देश

भागलपुर: नवगछिया पुलिस जिला के खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर इलाके में गंगा नदी में मजदूरों से भरी नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। फ्लड फाइटिंग के काम में लगे मजदूरों को लेकर जा रही नाव तेज धारा के बीच अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रशासन के अनुसार, नाव पर सवार लोगों में से 19 को SDRF की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि सिकंदर मंडल और बादल मंडल अब भी लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

तेज धारा के बीच पलटी नाव, मची अफरा-तफरी

बताया गया कि मजदूर फ्लड फाइटिंग के काम के लिए नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान गंगा की तेज धारा में नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। नाव के पलटते ही कई मजदूर नदी के पानी में बहने लगे।

हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और SDRF की टीम मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी में लापता मजदूरों की तलाश शुरू की गई। स्थानीय ग्रामीणों और अन्य लोगों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।

डीएम ने लिया घटनास्थल का जायजा

हादसे की जानकारी मिलने के बाद भागलपुर जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने फ्लड फाइटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों में हुई लापरवाही को गंभीरता से लिया।

डीएम ने जल संसाधन विभाग को संबंधित ठेकेदारों और वेंडर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है। प्रशासन के अनुसार, नाव में सवार मजदूरों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने और उसे पहनाने के निर्देश पहले ही दिए गए थे।

नाव के इस्तेमाल पर रोक, ट्रैक्टर से पहुंचाए जाएंगे जिओ बैग

प्रशासन ने फ्लड फाइटिंग के काम में नाव के इस्तेमाल पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। कटाव स्थल तक जिओ बैग पहुंचाने के लिए अब केवल ट्रैक्टर का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है।

इसके साथ ही काम के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि 18 वर्ष से कम उम्र के किसी भी मजदूर को इस कार्य में नहीं लगाया जाएगा।

दो लापता मजदूरों की तलाश जारी

गंगा में लापता सिकंदर मंडल और बादल मंडल की तलाश के लिए SDRF की टीम लगातार अभियान चला रही है। नदी की तेज धारा और जलस्तर को देखते हुए रेस्क्यू टीम विशेष सावधानी के साथ सर्च ऑपरेशन चला रही है।

प्रशासन ने इंजीनियरों को कटावरोधी कार्य जल्द पूरा करने का भी निर्देश दिया है। गंगा का जलस्तर डेंजर लेवल पर होने के कारण राहत और बचाव अभियान के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: नेपाल-चीन सीमा पर भोटे कोशी नदी का रौद्र रूप, बाढ़-भूस्खलन से तबाही; 150 की मौत, सैकड़ों लापता