लखीसराय अशोक धाम में भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत

लखीसराय अशोक धाम में भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत; 14 घायल, जांच के आदेश

लखीसराय: बिहार के लखीसराय स्थित ऐतिहासिक अशोक धाम यानी इन्द्र दमनेश्वर महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में बिजली के पोल में करंट फैलने की अफवाह के बाद अचानक भगदड़ मच गई। हादसे में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

सावन के तीसरे सोमवार के कारण मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी ने गंभीर हादसे का रूप ले लिया।

सुबह करीब 6:45 बजे मची भगदड़

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे हुआ। उस समय जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु कतार में खड़े थे। इसी दौरान बिजली के पोल में करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई।

अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए। हादसे में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

ट्रेन आने के बाद शुरू हुई अफरा-तफरी

जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार के अनुसार, हादसे की वजह भगदड़ थी। बताया गया कि अशोक धाम हाल्ट पर एक ही समय में दोनों तरफ से ट्रेनें आ गईं।

ट्रेन देखकर कुछ युवकों के अचानक भागने से वहां अफरा-तफरी शुरू हुई। इसी दौरान बिजली का एक पोल गिर गया। पोल गिरने के बाद मौके पर करंट फैलने की अफवाह फैल गई।

प्रशासन के अनुसार, उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी और तार भी कवर किया हुआ था। हालांकि, अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। राष्ट्रपति ने घटना को पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लखीसराय में भगदड़ के कारण हुई मौतों पर दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

सीएम ने 4-4 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अशोक धाम हादसे पर दुख जताया। उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।

उच्चस्तरीय जांच के आदेश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। हादसे की परिस्थितियों और भगदड़ के कारणों की जांच की जा रही है।

आस्था का प्रमुख केंद्र है अशोक धाम

लखीसराय जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित अशोक धाम मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है। यहां विशाल शिवलिंग और भव्य मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है।

बताया जाता है कि वर्ष 1977 में यहां पालकालीन विशाल शिवलिंग मिला था। इसके बाद से अशोक धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC Protest: छात्रों की बड़ी जीत, CGL समेत TDPL की सभी परीक्षाएं रद्द; हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान