Bihar Independence Day Security: 15 अगस्त को लेकर बिहार अलर्ट, 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात; ड्रोन से होगी निगरानी

Bihar Independence Day Security: 15 अगस्त को लेकर बिहार अलर्ट, 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात; ड्रोन से होगी निगरानी

पटना: स्वतंत्रता दिवस को लेकर बिहार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थल, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पटना समेत संवेदनशील जिलों में केंद्रीय बल, बी-सैप, जिला पुलिस और होमगार्ड की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं।

भारत-नेपाल सीमा वाले जिलों में बढ़ी चौकसी

पुलिस मुख्यालय की ओर से आईजी, डीआईजी और सभी जिलों के एसपी-एसएसपी को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। रेल पुलिस को भी स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने को कहा गया है।

भारत-नेपाल सीमा से जुड़े जिलों में विशेष चौकसी बरती जाएगी। इसके अलावा पूर्व में उग्रवाद प्रभावित रहे जिलों में भी पुलिस को अतिरिक्त सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी, जबकि सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी।

पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के अलावा प्रमुख बाजारों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।

गांधी मैदान में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा

पटना के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य राजकीय समारोह आयोजित होगा। समारोह को देखते हुए यहां त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। गांधी मैदान के अंदर और बाहर दंडाधिकारी तथा पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।

प्रवेश द्वारों के साथ आसपास के इलाकों पर भी निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी की गई है।

ड्रोन से होगी निगरानी, 1500 से ज्यादा जवान तैनात

गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्र की निगरानी ड्रोन के जरिए भी की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को चार सेक्टर में बांटा गया है। मैदान और आसपास के इलाकों में 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

गांधी मैदान के अंदर एक अस्थायी पुलिस थाना बनाया गया है, जहां एसएचओ समेत 24 पुलिसकर्मी तैनात हैं। ये जवान पिछले एक सप्ताह से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।

होटल और लॉज की भी जांच

सुरक्षा के मद्देनजर गांधी मैदान के आसपास स्थित होटल और लॉज की जांच की जा रही है। होटल संचालकों और मैनेजरों को आवश्यक दस्तावेज के बिना किसी व्यक्ति को कमरा नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।

प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन जांच

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस आपराधिक और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

एडीजी (विधि व्यवस्था) केएस अनुपम के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एहतियात के तौर पर पुलिस की चौकसी बढ़ाई गई है। भारत-नेपाल सीमा, रेलवे और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

यह भी पढ़ें: Gaya News: कुएं में मोटर ठीक करने उतरे चार ग्रामीणों की मौत, जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका