Delhi Building Collapse: 10 पुलिस टीमों को मिली सफलता, भिवाड़ी से दबोचा गया मालिक
- By rakesh --
- 08 Sep 2026 --
- comments are disable
नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हादसे के बाद से फरार चल रहे बिल्डिंग मालिक हरिराम को दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और इमारत गिरने की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
बताया गया कि आरोपी की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस की 10 टीमें विभिन्न राज्यों में अभियान चला रही थीं। इमारत गिरने के बाद पुलिस ने हरिराम के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया था। इसके बावजूद वह लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था। आखिरकार पुलिस ने उसे भिवाड़ी से पकड़ लिया।
हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, राहत एवं बचाव दल ने मलबे से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है।
घटना के बाद से राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं तथा मलबे और आसपास की इमारतों की स्थिति की लगातार जांच की जा रही है।
इस हादसे ने इलाके में पुरानी और कमजोर इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
MCD ने कई अधिकारियों को किया निलंबित
इमारत गिरने की घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में दक्षिण जोन से जुड़े कई अधिकारियों को निलंबित किया गया है।
निलंबित अधिकारियों में डिप्टी कमिश्नर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर स्तर के अधिकारी शामिल बताए गए हैं।
MCD की कार्रवाई के बाद अब इस बात की भी जांच की जा रही है कि इमारत की स्थिति और उसके रखरखाव को लेकर संबंधित विभागों की ओर से समय रहते आवश्यक कदम उठाए गए थे या नहीं।
बगल की इमारत भी बताई जा रही कमजोर
MCD कमिश्नर संजीव खिरवार के अनुसार, हादसे वाली इमारत के पास स्थित एक अन्य इमारत भी कमजोर हो गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे मजबूत करने का काम किया गया।
नगर निगम अब अगले एक से दो दिनों के भीतर इस कमजोर इमारत को चरणबद्ध तरीके से गिराने की तैयारी कर रहा है, ताकि आसपास के लोगों और अन्य इमारतों को किसी तरह का खतरा न हो।
इलाके में पहले भी इमारतों पर हुई थी कार्रवाई
MCD कमिश्नर के अनुसार, अगस्त महीने में इसी इलाके की तीन से चार इमारतों को गिराने के आदेश दिए गए थे। कमजोर और खतरनाक भवनों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है।
नगर निगम के मुताबिक, पिछले तीन महीनों के दौरान करीब 960 इमारतों को गिराया गया है। इसके अलावा 407 इमारतों को सील किया गया, जबकि लगभग 1,500 भवनों को सीलिंग और ध्वस्तीकरण से संबंधित नोटिस जारी किए गए हैं।
फिलहाल, सत्य निकेतन हादसे की जांच जारी है। गिरफ्तार बिल्डिंग मालिक से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर सकती है। वहीं, प्रशासन की प्राथमिकता राहत कार्य पूरा करने और आसपास मौजूद कमजोर इमारतों को सुरक्षित तरीके से हटाने की बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: Bihar Flood 2026: गंगा ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड, पटना समेत 12 जिलों में बाढ़ का अलर्ट