2.15 लाख करोड़ के कारोबारी साम्राज्य में भाई-बहन के बीच विवाद

TVS Group Family Dispute: 2.15 लाख करोड़ के कारोबारी साम्राज्य में भाई-बहन के बीच विवाद, लक्ष्मी वेणु पहुंचीं हाईकोर्ट

देश के बड़े औद्योगिक घरानों में शामिल टीवीएस समूह में पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद गहरा गया है। समूह की बाजार वैल्यू करीब 2.15 लाख करोड़ रुपये बतायी जा रही है। इसी कारोबारी साम्राज्य में पांच साल पहले हुए भाई-बहन के समझौते पर अब सवाल उठ रहे हैं। टीवीएस के मानद चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन की बेटी डॉ. लक्ष्मी वेणु ने परिवार की संयुक्त संपत्तियों में अपना हिस्सा मांगते हुए मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने संपत्ति के बंटवारे के साथ-साथ परिवार की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

इस विवाद ने देश के कॉरपोरेट जगत में एक अहम सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक संपत्ति का बंटवारा समझौते के समय के बाजार मूल्य के आधार पर अंतिम माना जाना चाहिए या कंपनियों की बाद की कारोबारी वृद्धि को देखते हुए हिस्सेदारी पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए।

2020 में शुरू हुई थी टीवीएस परिवार में बंटवारे की प्रक्रिया

टीवीएस समूह में पारिवारिक संपत्तियों के बंटवारे की प्रक्रिया दिसंबर 2020 में शुरू हुई थी। इसके तहत वेणु श्रीनिवासन और मल्लिका श्रीनिवासन के परिवार की संपत्तियों के विभाजन की रूपरेखा तैयार की गई। वर्ष 2021 में वीएस ट्रस्ट के माध्यम से इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।

20 मार्च 2024 को परिवार के सदस्यों ने सहमति पत्र यानी एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत भाई सुदर्शन वेणु और बहन डॉ. लक्ष्मी वेणु के बीच कारोबार का बंटवारा किया गया। समझौते के अनुसार, दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी टीवीएस मोटर का कारोबार सुदर्शन वेणु के हिस्से आया, जबकि ट्रैक्टर निर्माता कंपनी टैफे (TAFE) लक्ष्मी वेणु को मिली।

भाई को TVS और बहन को TAFE सहित अन्य संपत्तियां

समझौते के तहत सुदर्शन वेणु को टीवीएस होल्डिंग्स लिमिटेड मिली, जिसे पहले सुंदरम-वलेटन लिमिटेड के नाम से जाना जाता था। इसके तहत दोपहिया वाहन निर्माता टीवीएस मोटर का प्रमुख कारोबार आता है। बंटवारे में करीब 1,950 करोड़ रुपये के कर्ज की जिम्मेदारी भी सुदर्शन वेणु के हिस्से आई, जिसे उन्होंने चुका दिया।

दूसरी ओर, लक्ष्मी वेणु को मल्लिका श्रीनिवासन की हिस्सेदारी के माध्यम से ट्रैक्टर निर्माता कंपनी टैफे मिली। इसके अलावा डाई-कास्टिंग कारोबार से जुड़ी सुंदरम-क्लेटन लिमिटेड (SCL) और चेन्नई स्थित एक आवासीय संपत्ति भी उनके हिस्से आई।

इस तरह दोनों भाई-बहन के बीच अलग-अलग कारोबारी संपत्तियों और जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया था। अब इसी समझौते और परिवार की अन्य संयुक्त संपत्तियों को लेकर विवाद अदालत तक पहुंच गया है।

कंपनियों की वैल्यू बढ़ने के बाद क्यों उठे बंटवारे पर सवाल?

लक्ष्मी वेणु का तर्क है कि टीवीएस समूह के तहत आने वाली कंपनियां पैतृक संपत्तियां हैं और परिवार की संपत्ति में उन्हें अधिक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। वहीं, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह अपनी कंपनी टैफे में हिस्सेदारी देने को तैयार नहीं हैं।

इस विवाद का एक प्रमुख पहलू पिछले कुछ वर्षों में कंपनियों के बाजार मूल्य में आया बदलाव भी है। कॉरपोरेट विशेषज्ञों के मुताबिक, टीवीएस समूह की कंपनियों की कारोबारी वैल्यू में काफी वृद्धि हुई है। दूसरी ओर, भारतीय ट्रैक्टर बाजार में टैफे की हिस्सेदारी 24 प्रतिशत से घटकर 17 प्रतिशत रह गई है।

ऐसे में बंटवारे के समय कंपनियों की स्थिति और मौजूदा कारोबारी मूल्य के बीच अंतर विवाद का अहम आधार बन रहा है। सवाल यह भी है कि क्या पांच साल पहले तय किए गए समझौते को बाद में कंपनियों की बदली हुई कारोबारी स्थिति के आधार पर चुनौती दी जा सकती है।

सुदर्शन वेणु पक्ष का क्या है तर्क?

सुदर्शन वेणु पक्ष का कहना है कि संबंधित संपत्तियां वेणु श्रीनिवासन की निजी संपत्तियां हैं, न कि पैतृक संपत्तियां। इसलिए उन्हें इन संपत्तियों के बंटवारे का अधिकार था। इस पक्ष के अनुसार, उन्होंने अपनी पत्नी मल्लिका श्रीनिवासन के साथ विस्तार से चर्चा के बाद वर्ष 2020 में दोनों बच्चों के बीच न्यायसंगत बंटवारा किया था।

इस पक्ष का तर्क है कि किसी कंपनी का बाजार मूल्य बाद के वर्षों में बढ़ जाने से पहले किया गया पारिवारिक समझौता अपने आप अन्यायपूर्ण नहीं हो जाता। हालांकि, लक्ष्मी वेणु की ओर से उठाए गए सवालों और संपत्ति संबंधी मांगों पर अब कानूनी प्रक्रिया के दौरान स्थिति स्पष्ट होगी।

मद्रास हाईकोर्ट पहुंचा मामला, दस्तावेजों की भी मांग

लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाईकोर्ट में परिवार की संयुक्त संपत्तियों में अपना हिस्सा देने और उनसे जुड़े दस्तावेज व जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। इस कदम के बाद टीवीएस समूह का पारिवारिक बंटवारा कानूनी विवाद का विषय बन गया है।

इस मामले में लक्ष्मी वेणु समूह का आधिकारिक पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई जवाब नहीं मिला था। ऐसे में मामले के दूसरे पक्ष की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

2,367 करोड़ से 2.15 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा समूह का बाजार मूल्य

टीवीएस समूह देश के प्रमुख औद्योगिक घरानों में शामिल है। इसके कारोबार में टीवीएस मोटर, सुंदरम फाइनेंस, इंडिया निप्पॉन इलेक्ट्रिकल्स समेत 10 से अधिक कंपनियां शामिल हैं।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, समूह का बाजार मूल्य वर्ष 2020 में करीब 2,367 करोड़ रुपये था, जो 2026 में बढ़कर लगभग 2.15 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। बाजार मूल्य में इस बड़ी वृद्धि के बीच परिवार के पुराने बंटवारे को लेकर उठे सवालों ने विवाद को नया मोड़ दे दिया है। अब सबकी नजर मद्रास हाईकोर्ट में होने वाली आगे की सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया पर है।

यह भी पढ़ें: Dhanbad Railway Bulldozer Action: धनबाद में रेलवे ने क्यों तोड़ीं 20 दुकानें? श्रमिक चौक पर बुलडोजर एक्शन के बाद दुकानदारों की बढ़ी मुश्किलें