मंगल ग्रह पर ड्रोन का झुंड भेजने की तैयारी! NIT जमशेदपुर के दो शोधार्थियों को मिली पीएचडी
- By rakesh --
- 11 Nov 2026 --
- comments are disable
जमशेदपुर: अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में रोबोटिक्स की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। आने वाले समय में रोबोट उपग्रहों की मरम्मत करने, अंतरिक्ष उपकरणों का रखरखाव करने और दूसरे ग्रहों की सतह का अध्ययन करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। इसी दिशा में एनआईटी जमशेदपुर के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के दो शोधार्थियों कुमार अभिषेक और अश्विनी कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण शोध कार्य किया है। दोनों को उनके उत्कृष्ट शोध के लिए पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। उनके शोध अंतरिक्ष में स्वतंत्र रूप से काम करने वाले रोबोट, बिना जीपीएस के रास्ता तलाशने वाली तकनीक और मंगल ग्रह पर सौर ऊर्जा से संचालित ड्रोन के समूह से जुड़े हैं।
अंतरिक्ष में तैरकर काम करने वाले रोबोट पर कुमार अभिषेक का शोध
एनआईटी जमशेदपुर के शोधार्थी कुमार अभिषेक ने अंतरिक्ष में स्वतंत्र रूप से काम करने वाले रोबोटों की कार्यप्रणाली और उनकी सटीकता बढ़ाने पर शोध किया है। भविष्य में ऐसे रोबोट उपग्रहों की मरम्मत, अंतरिक्ष उपकरणों के रखरखाव और विभिन्न तकनीकी कार्यों में उपयोगी साबित हो सकते हैं।
अभिषेक के शोध में इस बात का अध्ययन किया गया है कि अंतरिक्ष में बिना किसी बाहरी सहारे तैरते हुए रोबोट किस तरह कम समय में और अधिक सटीकता के साथ अपने लक्ष्य को पूरा कर सकते हैं। शोध के दौरान रोबोट के जोड़ों और गियर में होने वाली मामूली ढील यानी बैकलैश के कारण पैदा होने वाली तकनीकी समस्याओं का भी विश्लेषण किया गया।
रोबोट की हलचल से अंतरिक्ष यान पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन
शोध में जमीन पर स्थिर रहकर काम करने वाले रोबोट और अंतरिक्ष में तैरते हुए काम करने वाले रोबोट की कार्यक्षमता की तुलना भी की गई। इसमें यह महत्वपूर्ण पहलू सामने आया कि अंतरिक्ष में रोबोट की अपनी गतिविधियों से अंतरिक्ष यान में भी सूक्ष्म हलचल पैदा हो सकती है। इसका असर रोबोट के काम की सटीकता पर पड़ सकता है।
इसलिए अंतरिक्ष में काम करने वाले रोबोटों की डिजाइन और संचालन प्रणाली में ऐसी तकनीकी चुनौतियों को समझना बेहद जरूरी है। अभिषेक के शोध का मूल्यांकन आईआईटी पलक्कड़ के प्रो. संथाकुमार मोहन ने किया। उन्होंने शोध की उच्च तकनीकी गुणवत्ता की सराहना की। यह शोध डॉ. विजय कुमार डल्ला के मार्गदर्शन में पूरा हुआ।
बिना GPS और नक्शे के रास्ता खोजेंगे रोबोट
दूसरे शोधार्थी अश्विनी कुमार सिंह ने ऐसी तकनीकों पर काम किया है, जो भविष्य में अंतरिक्ष अभियानों के साथ-साथ धरती पर भी उपयोगी साबित हो सकती हैं। उनके शोध का एक प्रमुख हिस्सा ऐसे पहिए वाले रोबोट की तकनीक से जुड़ा है, जो बिना जीपीएस और पहले से उपलब्ध नक्शों के अनजान तथा दुर्गम स्थानों में अपना रास्ता तलाश सकेंगे।
इसके लिए कैमरों और लेजर सेंसर की मदद से आसपास के वातावरण का विश्लेषण करने की तकनीक पर काम किया गया है। ऐसी व्यवस्था से उन इलाकों का सर्वे करना आसान हो सकता है, जहां इंसानों का पहुंचना जोखिम भरा या मुश्किल होता है। इस तकनीक का इस्तेमाल अंतरिक्ष अन्वेषण के अलावा आपदा प्रबंधन और खतरनाक औद्योगिक क्षेत्रों में भी किया जा सकता है।
रोबोटिक हाथों से लेकर मंगल ग्रह पर ड्रोन के झुंड तक शोध
अश्विनी कुमार सिंह के शोध का एक अन्य हिस्सा उन्नत रोबोटिक हाथों की कार्यप्रणाली से संबंधित है। इसमें ऐसी प्रणाली का अध्ययन किया गया है, जिसके जरिए रोबोटिक हाथ किसी वस्तु तक तेजी और सटीकता से पहुंच सकें। इसका उपयोग अंतरिक्ष अभियानों के अलावा ऑटोमोबाइल उद्योग, कारखानों और चिकित्सा क्षेत्र में भी संभव है।
उनके शोध का सबसे आकर्षक हिस्सा मंगल ग्रह पर सौर ऊर्जा से संचालित छोटे उड़ने वाले रोबोटों का समूह भेजने की परिकल्पना है। इस तकनीक के तहत कई छोटे ड्रोन अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरकर मंगल ग्रह की मिट्टी, चट्टानों और वातावरण से जुड़ा डेटा एकत्र कर सकते हैं। इसके बाद यह जानकारी मुख्य अंतरिक्ष यान तक पहुंचाई जा सकेगी। इससे मंगल ग्रह के बड़े क्षेत्र का एक साथ अध्ययन करने की संभावना बढ़ सकती है।
अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हुए शोध के हिस्से
अश्विनी कुमार सिंह के शोध के कई महत्वपूर्ण हिस्से प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं। उनके शोध का मूल्यांकन आईआईईएसटी शिबपुर के प्रो. सुभाषिस भौमिक ने किया और इसकी वैज्ञानिक उपयोगिता की सराहना की। यह शोध डॉ. विजय कुमार डल्ला के मार्गदर्शन तथा डॉ. नरेश प्रसाद के सह-मार्गदर्शन में पूरा हुआ।
दोनों शोधार्थियों की उपलब्धि एनआईटी जमशेदपुर के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस अवसर पर यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. संजय, प्रो. आरवी शर्मा और विभाग के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: बिरसा जयंती पर भाजपा की 73 KM पदयात्रा! उलिहातू से कोकर तक निकलेगी यात्रा, जानें पूरा कार्यक्रम