जुगसलाई के सभी वार्डों में सफाई के लिए आएंगे 80 मजदूर, नगर परिषद ने निकाली निविदा
- By rakesh --
- 27 Nov 2026 --
- comments are disable
जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी तेज हो गई है। नगर परिषद मुख्य मार्गों, नालियों और रात्रिकालीन सफाई कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से अधिकतम 80 सफाई मजदूरों की आपूर्ति कराएगी। इसके लिए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने अति अल्पकालीन इच्छा की अभिव्यक्ति (EOI) आमंत्रित की है।
सभी वार्डों में सफाई कार्यों पर रहेगा जोर
नगर परिषद की ओर से जारी सूचना के अनुसार, चयनित एजेंसी के माध्यम से उपलब्ध कराए गए सफाईकर्मी सभी वार्डों में नियमित रूप से काम करेंगे। इनमें सड़कों पर झाड़ू लगाना, नालियों की सफाई करना और कूड़ेदानों से कचरा उठाना शामिल है। इसके अलावा रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
लावारिस जानवरों और मानव शवों का भी होगा निस्तारण
प्रस्तावित व्यवस्था में नागरिक सुविधाओं से जुड़े अन्य जरूरी कार्य भी शामिल किए गए हैं। चयनित एजेंसी के कर्मियों को लावारिस जानवरों और मानव शवों के निस्तारण का काम भी करना होगा। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि काम की जरूरत के अनुसार सफाई मजदूरों की संख्या में कमी या बढ़ोतरी की जा सकती है। अधिकतम 80 मजदूरों की आपूर्ति का प्रस्ताव रखा गया है।
केवल पंजीकृत संवेदक ही कर सकेंगे आवेदन
इस प्रक्रिया में वही संवेदक हिस्सा ले सकेंगे, जो झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग, रांची में विधिवत निबंधित हैं। इच्छुक संवेदक 8 और 9 दिसंबर को अपराह्न चार बजे तक जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय से आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं।
आवेदन प्रपत्र के लिए कार्यपालक पदाधिकारी, जुगसलाई नगर परिषद के नाम से जमशेदपुर में भुगतेय पांच हजार रुपये का बैंक ड्राफ्ट या बैंकर्स चेक जमा करना होगा।
11 दिसंबर को जमा होंगे आवेदन, उसी दिन खुलेगी निविदा
भरे हुए आवेदन के साथ 50 हजार रुपये की अग्रधन राशि का बैंक ड्राफ्ट भी जमा करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा संवेदकों को निबंधन प्रमाणपत्र, पैन कार्ड, अद्यतन आयकर प्रमाणपत्र, पीएफ और ईएसआई प्रमाणपत्र की स्वअभिप्रमाणित प्रतियां संलग्न करनी होंगी।
नगर परिषद के अनुसार, आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर को अपराह्न चार बजे तक निर्धारित की गई है। इसी दिन शाम 4:30 बजे निविदाएं खोली जाएंगी। इस प्रक्रिया के माध्यम से नगर परिषद क्षेत्र में नियमित सफाई और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को व्यवस्थित करने की योजना है।
यह भी पढ़ें: दादा के शहादत दिवस पर नेमरा पहुंचे हेमंत सोरेन, सोबरन सोरेन को किया नमन