धनबाद में आधी रात को भीषण हादसा, खड़े सेब लदे ट्रक में कंटेनर ने मारी टक्कर; चालक की मौत

धनबाद में आधी रात को भीषण हादसा, खड़े सेब लदे ट्रक में कंटेनर ने मारी टक्कर; चालक की मौत

राजगंज (धनबाद): दिल्ली-कोलकाता सिक्स लेन जीटी रोड पर दलूडीह के समीप सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खराब होने के कारण खड़े सेब लदे ट्रक के पीछे तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक का शरीर वाहन के अंदर दब गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

रात दो बजे हुआ हादसा, वाहन में दब गया चालक

घटना सोमवार रात करीब दो बजे की है। कंटेनर का नंबर HR 55 AU 7494 बताया गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राजगंज थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। कंटेनर में फंसे चालक को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला गया।

इसके बाद हाईवे एंबुलेंस की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है।

जम्मू-कश्मीर से सेब लेकर कोलकाता जा रहा था ट्रक

जानकारी के अनुसार, सेब लदा ट्रक जम्मू-कश्मीर से कोलकाता जा रहा था। दलूडीह के पास अचानक वाहन खराब हो गया, जिसके बाद चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया। ट्रक के पीछे चेतावनी देने के लिए चालक ने डिवाइडर पर लगे पेड़ की एक डाली तोड़कर लगा दी थी।

हालांकि, सड़क पर खड़े खराब ट्रक को लेकर हाईवे पेट्रोलिंग की ओर से कोई अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। इसी बीच कोलकाता की ओर तेज गति से जा रहा कंटेनर वहां पहुंचा। बताया जाता है कि कंटेनर चालक सड़क किनारे खड़े ट्रक को देख नहीं पाया और सीधे पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर से डिवाइडर पर चढ़ गया सेब लदा ट्रक

टक्कर इतनी भीषण थी कि सेब लदा ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। इसके बाद वह हाईवे पर लगे वीडियो सर्विलांस कैमरे के पोल से जा टकराया। हादसे में कैमरा निगरानी व्यवस्था को भी भारी नुकसान पहुंचा।

टक्कर के कारण वीडियो सर्विलांस सिस्टम के हार्ड डिस्क, रोलर, एनवीआर, कैमरा और बैटरी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

इस हादसे के बाद जीटी रोड पर खराब होकर खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। चालक ने ट्रक के पीछे पेड़ की डाली लगाकर दूसरे वाहन चालकों को सावधान करने की कोशिश की थी, लेकिन यह व्यवस्था पर्याप्त साबित नहीं हुई। हाईवे पेट्रोलिंग की ओर से अतिरिक्त चेतावनी संकेत या सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। मृतक कंटेनर चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: मॉर्निंग वॉक के दौरान लिखी गई JPSC घोटाले की पटकथा! मोरहाबादी मैदान में हुई थी करोड़ों की डील