धनबाद पुलिस लाइन में आईजी शैलेन्द्र सिन्हा ने किया समारोह का उद्घाटन, जानें क्या रहा खास
- By rakesh --
- 25 Nov 2026 --
- comments are disable
धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर धनबाद पुलिस लाइन में चित्रकला प्रदर्शनी, परिसंपत्ति वितरण और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी पेंटिंग के माध्यम से कोयलांचल की जीवनशैली, कोयला खनन और पर्यावरण पर उसके प्रभावों को दर्शाया। वहीं, त्योहारों के दौरान बेहतर पुलिसिंग और कर्तव्य निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोकारो रेंज के आईजी शैलेन्द्र सिन्हा शामिल हुए। धनबाद के डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एवं सिटी एसपी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देकर समारोह की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत बोकारो रेंज के आईजी शैलेन्द्र सिन्हा ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर और सलामी देकर की। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की चित्रकला प्रदर्शनी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
पेंटिंग में दिखीं कोयलांचल की समस्याएं और पर्यावरण की चिंता
चित्रकला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने कोलियरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की जीवनशैली, उनकी रोजमर्रा की चुनौतियों और कोयला खनन से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों को कैनवास पर उकेरा। किसी कलाकृति में खनन गतिविधियों से बदलते प्राकृतिक परिवेश को दिखाया गया, तो किसी में कोलियरी क्षेत्र के लोगों के जीवन और उनकी समस्याओं को स्थान दिया गया।
विद्यार्थियों ने अपनी पेंटिंग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उनकी कलाकृतियों में खनन और विकास के साथ प्रकृति को बचाने की जरूरत को भी रेखांकित किया गया।
कोलियरी क्षेत्र के भ्रमण के बाद तैयार की कलाकृतियां
प्रदर्शनी में शामिल छात्रा निहारिका मंडल ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को कोलियरी क्षेत्रों का भ्रमण कराया गया था। इस दौरान उन्हें वहां रहने वाले लोगों की दिनचर्या, कोयला खनन की प्रक्रिया और उससे जुड़ी परिस्थितियों को करीब से देखने का मौका मिला।
उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान जो कुछ देखा और समझा, उसे ही पेंटिंग के जरिये प्रस्तुत करने की कोशिश की गयी। खनन गतिविधियों से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के साथ उसे बचाने के उपायों को भी अपनी कलाकृति में दर्शाया है।
विद्यार्थियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मंच देने की तैयारी
डीसी आदित्य रंजन ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को उम्मीद थी कि कोलियरी क्षेत्रों के भ्रमण के बाद विद्यार्थी वहां की वास्तविक स्थिति को अपनी कला के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। विद्यार्थियों ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है और क्षेत्र की समस्याओं व कमियों को भी अपनी पेंटिंग में जगह दी है।
डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराया जाये, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें।
आईजी ने सराहा विद्यार्थियों का प्रयास, पुलिसकर्मी भी हुए सम्मानित
बोकारो रेंज के आईजी शैलेन्द्र सिन्हा ने भी विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों ने कोलियरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के रहन-सहन, उनकी समस्याओं और खनन की प्रक्रिया को अपनी कला के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।
समारोह के दौरान त्योहारों में बेहतर पुलिसिंग और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निभाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विद्यार्थियों की कला और पुलिसकर्मियों की सेवा को प्रोत्साहित किया गया।
यह भी पढ़ें: झारखंड स्थापना दिवस पर गोविंदपुर में लाभुकों को मिला तोहफा, 24 साइकिल समेत बांटी गयीं कई परिसंपत्तियां