Ramgarh: साड़ी में नंगे पांव दौड़ी कविता, 6 मिनट में 1600 मीटर

Ramgarh Viral Video: न जूते थे, न ट्रैक सूट… साड़ी पहनकर नंगे पांव दौड़ी कविता, वायरल हुआ वीडियो

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले से एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला पारंपरिक साड़ी पहनकर और नंगे पांव दौड़ती नजर आ रही हैं। यह वीडियो होमगार्ड भर्ती की तैयारी के दौरान हुए फिजिकल टेस्ट का बताया जा रहा है। महिला की पहचान सोसो गांव की रहने वाली 27 वर्षीय कविता कुमारी महतो के रूप में हुई है।

कविता ने गरीबी और पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद अपने सरकारी नौकरी के सपने को नहीं छोड़ा। वीडियो सामने आने के बाद उनके संघर्ष और मेहनत की चर्चा होने लगी। कविता के हौसले की सराहना करते हुए अंकित रनर अकादमी की टीम उनके घर पहुंची और उन्हें सम्मानित किया।

जूते और ट्रैक सूट के लिए पैसे नहीं, फिर भी नहीं मानी हार

जानकारी के मुताबिक कविता महतो के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। दौड़ की तैयारी के लिए उनके पास जूते और ट्रैक सूट खरीदने के पैसे नहीं थे। ऐसे में उन्होंने उपलब्ध साधनों के साथ ही भर्ती की तैयारी जारी रखी।

फिजिकल टेस्ट के दौरान कविता साड़ी पहनकर और नंगे पांव मैदान में उतरीं। तपती धूप और गर्म जमीन के बावजूद उन्होंने दौड़ पूरी की। 1600 मीटर की इस दौड़ को पूरा करने के लिए उम्मीदवारों को 10 मिनट का समय दिया गया था, लेकिन कविता ने इसे महज 6 मिनट में पूरा कर लिया।

उनकी इसी दौड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो गया।

तीन साल पहले पति की मौत, दो बच्चों की जिम्मेदारी

कविता की कहानी केवल वायरल वीडियो तक सीमित नहीं है। करीब तीन साल पहले लंबी बीमारी के बाद उनके पति दीपक महतो की मौत हो गई थी। पति के निधन के बाद दो छोटे बच्चों और परिवार की जिम्मेदारी कविता के कंधों पर आ गई।

परिवार का खर्च चलाने के लिए उन्होंने कुछ समय तक सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर भी काम किया। इसके बावजूद उन्होंने अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सरकारी नौकरी हासिल करने की तैयारी जारी रखी।

सुबह 4 बजे से शुरू होती है तैयारी

कविता रोज सुबह करीब 4 बजे घर से निकलती हैं और लगातार लगभग दो घंटे दौड़ की तैयारी करती हैं। उनका लक्ष्य पुलिस या होमगार्ड भर्ती में सफलता हासिल करना है।

इसी तैयारी के दौरान एक निजी ट्रेनिंग सेंटर की ओर से आयोजित ट्रायल प्रतियोगिता में उन्होंने हिस्सा लिया। अन्य अभ्यर्थियों के साथ हुए इस ट्रायल में कविता साड़ी पहनकर और नंगे पांव 1600 मीटर दौड़ीं और निर्धारित समय से काफी पहले दौड़ पूरी कर ली।

कविता के संघर्ष और दौड़ का वीडियो वायरल होने के बाद उनके जज्बे की चर्चा होने लगी। अंकित रनर अकादमी ने भी उनके हौसले की सराहना करते हुए उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया।

यह भी पढ़ें: INDIA Bloc Protest: राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी सांसद हिरासत में, रिहाई के बाद पवन खेड़ा बोले- ‘बवाल अब शुरू हुआ’