Deoghar Military Contact Fair: देवघर में सैन्य संपर्क मेले का आयोजन, सैनिकों के सम्मान को बताया राष्ट्रीय दायित्व
- By rakesh --
- 10 Oct 2026 --
- comments are disable
देवघर: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान तथा कल्याण पूरे समाज की जिम्मेदारी है। वे देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट हॉस्पिटल (पी. डी. हिंदुजा अस्पताल) में आयोजित सैन्य संपर्क मेले को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन भी मौजूद रहे।
राज्यपाल ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भारत की संप्रभुता, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा करते हैं। उनके प्रति सम्मान केवल भावना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व है।
सैनिकों के साहस और त्याग को किया नमन
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बाबा बैद्यनाथ की धरती पर उपराष्ट्रपति का स्वागत करते हुए झारखंड से अपने आत्मीय जुड़ाव का उल्लेख किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का जिक्र करते हुए कहा कि देश की संप्रभुता और सम्मान की रक्षा में सैनिकों का साहस, अनुशासन और त्याग अतुलनीय है।
उन्होंने युवाओं से सैनिकों के अनुशासन, संयम, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने की अपील की। साथ ही कहा कि हर व्यक्ति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन कर देश के विकास और सेवा में योगदान दे सकता है।
ऑपरेशन सिंदूर का भी किया उल्लेख
अपने संबोधन में राज्यपाल ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान के दौरान भारतीय सैनिकों ने साहस, शौर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। उन्होंने इसे राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति सैनिकों की प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।
राज्यपाल ने कहा कि भारत शांति और सह-अस्तित्व में विश्वास करता है, लेकिन देश की संप्रभुता और सुरक्षा के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। उनके मुताबिक, सैन्य संपर्क मेले जैसे कार्यक्रम सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों से सीधे संवाद करने का अवसर प्रदान करते हैं।
ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनकी जरूरतों को समझने और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में मदद मिलती है।
आयोजन से जुड़े सहयोगियों की सराहना
राज्यपाल ने स्थानीय सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट हॉस्पिटल और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि देश की रक्षा करने वालों की सेवा करना राष्ट्रसेवा का ही एक रूप है। सैन्य संपर्क मेले जैसे आयोजन सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक की फिर अनशन की चेतावनी, 24 घंटे में रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन के संकेत