कोयल नदी हादसे में पांच बच्चों की मौत, वित्त मंत्री ने परिजनों से मिलकर दिया मदद का भरोसा
- By rakesh --
- 23 Sep 2026 --
- comments are disable
मेदिनीनगर (पलामू): जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द गांव में कोयल नदी में डूबने से पांच बच्चों की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर बुधवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मंत्री ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति राज्य सरकार की संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन को प्रभावित परिवारों के साथ संवेदनशीलता से पेश आने और तत्काल आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अंतिम संस्कार के लिए तत्काल सहायता का निर्देश
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि कम उम्र में पांच बच्चों की मौत की घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे से प्रभावित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
उन्होंने बताया कि घटना को लेकर जिला प्रशासन से बातचीत की गई है। मृत बच्चों के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को तत्काल आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवारों को कुछ राहत मिल सके।
आपदा विभाग के प्रावधान के तहत मिलेगी मदद
मंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवारों को आपदा विभाग के निर्धारित प्रावधानों के तहत मिलने वाली उचित सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले में तत्परता बरतने और प्रभावित परिवारों को जरूरी सहयोग देने को कहा।
सरकार की ओर से सहायता का भरोसा मिलने के बावजूद हादसे ने क्षेत्र के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक साथ पांच बच्चों की मौत से गांव और आसपास के इलाकों में शोक की स्थिति बनी हुई है।
बारिश में नदी-तालाबों के पास सावधानी की अपील
वित्त मंत्री ने बारिश के मौसम में जलस्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान आहर, तालाब और नदियों का जलस्तर बढ़ जाता है, जिससे हादसों का खतरा भी बढ़ सकता है।
उन्होंने अभिभावकों और ग्रामीणों से आग्रह किया कि बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें नदी, तालाब या अन्य जलस्रोतों के पास अकेले जाने से रोकें। सावधानी और जागरूकता के जरिए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को कम किया जा सकता है।
राज्यपाल ने भी जताया गहरा दुख
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी पलामू की इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि एक साथ पांच बच्चों की मौत की घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। झारखंड सरकार और जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Yuri Sethi KPL 2026: पेटरवार की यूरी सेठी बनीं गुजरात रॉयल्स की कप्तान, झारखंड का बढ़ाया मान