झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 15 अगस्त तक बारिश-वज्रपात का अलर्ट

रांची: झारखंड में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 12 से 14 अगस्त के बीच राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

12 और 13 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश

12 और 13 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

13 अगस्त को विशेष रूप से दक्षिणी झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बारिश के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है।

14 अगस्त को इन इलाकों में अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है।

इन इलाकों में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

15 अगस्त को इन जिलों में येलो अलर्ट

15 अगस्त को रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश एवं वज्रपात की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य के अन्य हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।

वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: झारखंड में छात्र आंदोलन पर सियासत तेज, आदित्य साहू ने राहुल गांधी से मांगा जवाब