Hemant Soren News: रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने नेमरा पहुंचे रघुवर दास, भूपेश बघेल और पप्पू यादव
- By rakesh --
- 10 Oct 2026 --
- comments are disable
नेमरा (रामगढ़): झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माता रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए 10 अक्टूबर 2026 को कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी नेमरा पहुंचे। रामगढ़ जिले में स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर सभी ने रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
रघुवर दास और भूपेश बघेल ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहुंचे। दोनों नेताओं ने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
पप्पू यादव समेत कई सांसदों ने की मुलाकात
नेमरा में श्रद्धांजलि देने वालों में बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव, गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और खूंटी के सांसद काली चरण मुंडा शामिल रहे। झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
इसके अलावा पूर्व मंत्री आलमगीर आलम और बादल, विधायक अनूप सिंह, विधायक ममता देवी तथा पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने भी दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस नेताओं ने भी जताया शोक
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भी नेमरा पहुंचकर रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, झारखंड के सूचना आयुक्त शिवपुजन पाठक और तनूज खत्री सहित भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी, अन्य सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
इस दौरान सभी ने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति शोक संवेदना प्रकट की।
यह भी पढ़ें: Ranchi News: JNU प्रकरण पर भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस भवन घेराव, राहुल-प्रियंका गांधी से मांगा जवाब