धनबाद IIT में फिर छात्र की मौत का मामला, पुलिस और संस्थान प्रशासन जांच में जुटे

धनबाद IIT में फिर छात्र की मौत का मामला, पुलिस और संस्थान प्रशासन जांच में जुटे

धनबाद: आइआइटी (आइएसएम) धनबाद में शनिवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। बीटेक पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर के छात्र माने प्रतीक राजकुमार की हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। इस घटना के बाद संस्थान परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

माने प्रतीक राजकुमार महाराष्ट्र के रहने वाले थे और संस्थान के एक्वामरीन हॉस्टल में रहते थे। घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल वार्डन, सुरक्षा अधिकारी, डीन स्टूडेंट वेलफेयर और संस्थान के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। छात्र को तत्काल असर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आठवीं मंजिल से गिरने की घटना, अस्पताल में मृत घोषित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह छात्र के हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरने की सूचना मिली। संस्थान के अधिकारियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद हॉस्टल और संस्थान परिसर में शोक का माहौल है। छात्र की मौत की सूचना मिलने पर संस्थान के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

परिजनों को दी गई सूचना, पुलिस कर रही जांच

संस्थान प्रशासन ने छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। फिलहाल उसकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। धनबाद थाना पुलिस भी मामले की पड़ताल में जुटी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोस्तों और अन्य छात्रों से बातचीत में निजी और पारिवारिक परिस्थितियों से जुड़े पहलुओं की बात सामने आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। परिजनों के धनबाद पहुंचने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

IIT ISM में पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

आइआइटी आइएसएम धनबाद में पिछले कुछ वर्षों के दौरान छात्र और संस्थान के कर्मचारियों की मौत से जुड़ी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सितंबर 2018 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी कर रहे रंजन राठी ने आत्महत्या कर ली थी। वह उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले थे और जैसपर हॉस्टल के डी ब्लॉक में रहते थे।

दिसंबर 2022 में अंबर हॉस्टल में रहने वाले इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 2018 बैच के छात्र चेरूकुरी प्रवीण की मौत हुई थी। वह हैदराबाद के निवासी थे।

2023 और 2024 में कर्मचारी भी मृत मिले

जनवरी 2023 में संस्थान के इलेक्ट्रॉनिक विभाग में कार्यरत जूनियर तकनीशियन दीपक कुमार अपने स्टाफ क्वार्टर में मृत पाए गए थे। वह बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले थे।

जुलाई 2024 में संस्थान में कार्यरत सुरक्षा गार्ड राजू गिरी की आत्महत्या का मामला सामने आया था। वह बिहार के गया जिले के टिकारी के निवासी थे।

मार्च 2025 में बीटेक छात्र की हुई थी संदिग्ध मौत

मार्च 2025 में आइआइटी आइएसएम के हॉस्टल में बीटेक छात्र तन्मय प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। वह इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन के छात्र थे और मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले थे। उनका शव बाथरूम में मिला था। घटनास्थल के पास इंजेक्शन की सुई भी पाई गई थी।

फिलहाल माने प्रतीक राजकुमार की मौत के मामले में पुलिस जांच जारी है। घटना के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच और परिजनों के बयान का इंतजार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी होगी दूर, धनबाद में 74 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू