Ramgarh Accident: चुट्टूपालू घाटी में कंटेनर ने कार को कुचला, दो की मौत
- By rakesh --
- 12 Oct 2026 --
- comments are disable
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले की चुट्टूपालू घाटी में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। रांची-पटना मुख्य मार्ग पर एक अनियंत्रित कंटेनर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दब गई। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार पांच लोग अंदर फंस गए थे। पुलिस और बचाव दल ने क्रेन की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला।
दो घंटे तक चला रेस्क्यू, दो लोगों की मौत
रामगढ़ थाना के सब-इंस्पेक्टर सुमंत कुमार राय के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार लोग अंदर दबे हुए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई।
करीब दो घंटे के रेस्क्यू के बाद सभी पांच लोगों को निकालकर सदर अस्पताल, रामगढ़ पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने एक महिला समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य घायलों में दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया। एक घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
ब्रेक फेल होने की आशंका, कंटेनर सड़क पर पलटा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंटेनर का ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद कंटेनर कार से टकरा गया और सड़क पर पलट गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार सभी पांच लोगों को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
रांची-पटना मार्ग पर तीन घंटे तक लगा जाम
दुर्घटना के बाद कंटेनर के सड़क पर पलट जाने से रांची-पटना मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। चुट्टूपालू घाटी में वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने स्थिति संभालते हुए एक लेन से दोनों ओर के वाहनों का परिचालन शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने में करीब तीन घंटे लगे। इसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।
रांची से हजारीबाग जा रहे थे कार सवार
हादसे में घायल महिला रीना चक्रवर्ती के अनुसार, वे लोग रांची से हजारीबाग जा रहे थे। इसी दौरान कंटेनर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। कार में चालक राजू कुमार के अलावा पी. चक्रवर्ती और एस. चक्रवर्ती समेत अन्य लोग सवार थे।
फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Navratri 2026 Day 2: आज मां ब्रह्मचारिणी की पूजा में करें ये चीजें अर्पित, जानें भोग और मंत्र का महत्व