Jharkhand Hockey Players: हॉकी गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ियों की समस्याओं पर डालसा की पहल, घर पहुंचकर ली जानकारी
- By rakesh --
- 03 Oct 2026 --
- comments are disable
गुमला: जूनियर एशिया हॉकी कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली झारखंड की महिला हॉकी खिलाड़ियों की बुनियादी समस्याओं को लेकर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) ने पहल की है। खिलाड़ियों की समस्याओं से संबंधित खबर प्रकाशित होने के बाद झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) गुमला और खूंटी की टीम खिलाड़ियों के घर पहुंची और उनके परिवार की सामाजिक-आर्थिक स्थिति तथा सरकारी सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली।
पार्वती टोपनो के घर पहुंची गुमला डालसा की टीम
निर्देश के बाद डालसा गुमला की टीम जूनियर एशिया हॉकी कप की स्वर्ण पदक विजेता पार्वती टोपनो के कामडारा प्रखंड स्थित ग्राम कुम्हार टोली स्थित घर पहुंची। टीम ने पार्वती के माता-पिता सोमा टोपनो और जानो टोपनो से मुलाकात की।
इस दौरान परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति के साथ उन्हें मिल रही सरकारी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। परिवार ने बताया कि पार्वती टीम के पहुंचने से एक दिन पहले हॉकी प्रशिक्षण के लिए बेंगलुरु रवाना हो चुकी हैं।
परिवार के मुताबिक, घर में फिलहाल शौचालय की सुविधा नहीं है। इसके अलावा पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है।
शौचालय और पेयजल सुविधा के लिए आवेदन
डालसा की टीम ने परिवार को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से पात्रता के अनुसार सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने में आवश्यक सहयोग किया जाएगा।
टीम ने शौचालय निर्माण, सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए परिवार से आवेदन भी प्राप्त किया।
डालसा की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों और आम नागरिकों को बाल अधिकार, महिलाओं के अधिकार, निःशुल्क विधिक सेवाओं, न्याय तक पहुंच और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने की बात कही गई।
रोशनी आइंद और विनिमा धान के घर भी पहुंची टीम
न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश पर डालसा खूंटी की टीम ने हॉकी खिलाड़ी रोशनी आइंद और विनिमा धान के घर का भी दौरा किया। टीम ने दोनों खिलाड़ियों के परिवारों की आर्थिक स्थिति और उन्हें मिल रही सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली।
डालसा खूंटी ने संबंधित आवेदन प्राप्त किए और परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।
इनमें वृद्धा पेंशन, जाति प्रमाण पत्र, बिजली कनेक्शन, शौचालय निर्माण और आवास निर्माण जैसी सुविधाओं से जुड़ी जरूरतें शामिल हैं।
खिलाड़ियों के परिवारों तक पहुंची कानूनी सहायता की पहल
झालसा के निर्देश के बाद हुई इस पहल में खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों के साथ उनके परिवारों की बुनियादी जरूरतों को भी सामने रखा गया है। डालसा की टीमों ने संबंधित परिवारों से जानकारी लेकर सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में आवेदन प्राप्त किए हैं।
इस पहल के जरिए खिलाड़ियों और उनके परिवारों को उपलब्ध सरकारी सुविधाओं तक पहुंच दिलाने के लिए संबंधित स्तर पर सहयोग की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें: Dhanbad News: डुमरी विधायक जयराम महतो को मिली PhD की उपाधि, मां की मौजूदगी में पूरा हुआ शैक्षणिक सफर