Bokaro Road Accident: बोकारो में भीषण सड़क हादसा, चाय पी रहे लोगों पर कहर बनकर टूटा ट्रेलर; दो की मौत
- By rakesh --
- 11 Oct 2026 --
- comments are disable
बोकारो: जिले में रविवार को बोकारो-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग-32 पर चास के नगेन मोड़ के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे स्थित पूजा स्वीट्स नामक मिठाई दुकान में जा घुसा। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, बोकारो भेजा गया।
चाय पीने आए लोगों की हादसे में मौत
जानकारी के अनुसार, घटना के समय पूजा स्वीट्स में कुछ लोग चाय पी रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रेलर दुकान में घुस गया। हादसा इतना गंभीर था कि दुकान में मौजूद दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुकान के अंदर काम कर रहे संचालक के परिवार के चार सदस्य और ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हुए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
दुर्घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर बैरिकेडिंग कर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। इसके कारण NH-32 पर आवागमन प्रभावित हुआ।
पिंडराजोड़ा थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
मौके पर पहुंचे चास बीडीओ
हादसे की जानकारी मिलने के बाद चास के बीडीओ प्रदीप कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। फिलहाल दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
यह भी पढ़ें: हॉकी चैंपियनशिप 2026: झारखंड ने गोवा को 4-1 से हराया, डेनिस केरकेट्टा बने प्लेयर ऑफ द मैच