हजारीबाग में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 11 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

हजारीबाग में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 11 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 23 पुड़िया में रखी करीब 11 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गयी है। पुलिस ने मौके से एक चारपहिया वाहन, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं। गिरफ्तार आरोपियों पर बड़कागांव थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बिक्री करने का आरोप है।

गुप्त सूचना पर कदमाड़ीह पुल के पास छापेमारी

पुलिस के अनुसार, बड़कागांव थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के कदमाड़ीह पुल के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद हजारीबाग एसपी अमन कुमार के निर्देश पर छापेमारी के लिए विशेष टीम गठित की गयी।

टीम जब बताए गये स्थान पर पहुंची तो वहां कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में नजर आये। पुलिस को देखते ही युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया।

23 पुड़िया में मिली करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर

पकड़े गये युवकों की तलाशी लेने पर पुलिस को प्लास्टिक की 23 पुड़िया में रखी करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। इसके अलावा मौके से एक चारपहिया वाहन, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद किये गये। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है।

एक पुड़िया की कीमत करीब एक हजार रुपये

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बड़कागांव थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार कर उसकी खरीद-बिक्री करते थे। एक पुड़िया की कीमत करीब एक हजार रुपये रखी जाती थी। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में पांच युवक शामिल

पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफताब आलम (23 वर्ष), मोहम्मद राजन अंसारी (26 वर्ष), मोहम्मद अल्ताफ हुसैन (20 वर्ष), रविंद्र कुमार महतो (27 वर्ष) और पवन कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी को पुलिस ने हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: विधानसभा में SIR पर चर्चा के बीच चुनाव आयोग की बैठक, मतदाता सूची को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश